झिंझाना। झिंझाना-कैराना मार्ग पर गांव जमालपुर के निकट रेत से लदे डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों शव बुरी तरह कुचले गए, जिस कारण उनकी शिनाख्त भी करीब दो घंटे बाद हो सकी। पुलिस ने मृतकों के अवशेष सड़क से खुरचकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए।
बृहस्पतिवार को झिंझाना-कैराना मार्ग पर गांव जमालपुर के निकट झिंझाना से कैराना जा रहे रेत से लदे डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवक डंपर के नीचे आकर बुरी तरह कुचले गए। इस दर्दनाक हादसे को देख राहगीर भी सन्न रह गए और वहां भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस पहुंची।
भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और आनन-फानन में सड़क पर चिपके अवशेषों को पॉलीथिन में भरकर व शवों को उठाकर गाड़ी में डाला। घटना के बाद आरोपी डंपर चालक फरार हो गया। पुलिस ने रेत के डंफर को सीज कर दिया।
कस्बा इंचार्ज सत्यपाल सिंह ने बताया कि मृतक युवकों की शिनाख्त के लिए काफी समय लगा। बाद में उनके मोबाइल की आईडी से उनकी शिनाख्त 22 वर्षीय दीपक गागौर व 21 वर्षीय मोनू निवासी ऊन के रूप में हुई। दोनों ऊन बाईपास पर बाइक ठीक करने का काम करते थे, जो कैराना किसी काम से जा रहे थे। पुलिस ने शामली जाकर शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। देर शाम तक कोई मुुकदमा थाना झिंझाना में दर्ज नहीं किया गया था।