कांधला। एक सप्ताह पूर्व अगवा की गई युवती की बरामदगी को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने कांधला थाने पर हंगामा-प्रदर्शन किया। सीओे कैराना ने थाने पहुंचकर युवती को शीघ्र बरामद कराने का आश्वासन दिया।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने एक सप्ताह पूर्व थाने पर तहरीर देकर बताया था कि उसकी पुत्री को गांव का ही अधेड़ राज सिंह अपहरण कर ले गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। मामले को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी युवती बरामद नहीं हो पाई।
इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को पीड़ित पक्ष पिता के साथ थाने पर पहुंचकर थानाध्यक्ष से मुलाकात की। युवती के पिता ने बताया कि आरोपी के परिजन उसे और उसके परिवार को मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
थानाध्यक्ष ने संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। थाने में हंगामे की सूचना पर सीओ कैराना एनपी सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को शांत कराते हुए युवती को शीघ्र बरामद करने का आश्वासन दिया। सीओ कैराना एनपी सिंह का कहना है कि युवती को बरामद करने के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं, जल्द ही युवती बरामद कर ली जाएगी।