बरला क्षेत्र के नौसा-पहाड़ीपुर मार्ग के बीच बदमाशों ने सड़क को अवरोध कर नुमाइश से लौट रहे बोलरो गाड़ी में सवार 6 महिलाओं समेत नौ लोगों को बंधक बनाकर लूट लिया। बदमाश इनके पास से नकदी समेत करीब दो लाख रुपये के जेवरात लूट ले गए। गाड़ी के पीछे आ रहे ट्रैक्टर चालक से लूटपाट कर उसे भी बोलरो गाड़ी में बंधक बना लिया और चार घंटे बाद छोड़ा। इस संबंध में पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी है।
कस्बा बरला निवासी ओमप्रकाश पुत्र जंगाली प्रसाद अपनी पत्नी गीता देवी, महेशचंद्र पुत्र मुरारीलाल अपनी पत्नी हेमलता, रोहिदास पुत्र ओमप्रकाश अपनी पत्नी चंचल, रोहिदास पुत्र प्रेम किशोर अपनी पत्नी वेदवती और बहन संतो और अनीता पुत्र पप्पू रविवार को बोलरो से नुमाइश देखने गए थे। रविवार की रात्रि को नुमाइश देखकर लौटकर अपने घर जा रहे थे।
जैसे ही वो पहाड़ीपुर-नौसा के मध्य पहुुंचे रास्ता अवरोध था, जैसे ही गाड़ी रोकी तो बदमाशों ने हमला बोल दिया। बदमाश ओमप्रकाश से 1700 रुपये नकद, महिलाओं से 6 जोड़ी पाजेब वजन लगभग 70 ग्राम सोने के कुंडल एवं झुमकी वजन लगभग 50 ग्राम सोने के जेवरात कीमत करीब दो लाख रुपये का माल लूट लिया। इसी दौरान गाड़ी के पीछे आ रहे परौरा के ट्रैक्टर चालक से भी लूटपाट कर उसे भी बोलरो गाड़ी में बंद कर चाभी अपने पास रख ली।
यहीं नहीं उनके मोबाइल की बैट्री भी निकाल ली। चार घंटे तक उन्हें गाड़ी में बंधक बनाए रखा। सुबह होते देख बदमाश गाड़ी का लॉक खोलकर भाग गए। उल्लेखनीय है कि रात्रि को मुख्य मार्ग होने के कारण नानऊ-छर्रा मार्ग पर पुलिस का गश्त रहता है, लेकिन रविवार को चार घंटे तक कोई पुलिस कर्मी वहां पर नहीं पहुंचा। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दे दी है। एसओ बरला हेमपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
फोटो सीआरएपी 01