झिंझाना। क्षेत्र के गांव सकौती में मकान में ही भ्रूण लिंग परीक्षण किए जाने की सूचना पर हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा। मौके से हरियाणा निवासी महिला एजेंट और क्लीनिक संचालक डाक्टर को हिरासत में ले लिया। महिला से 12 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। हालांकि लिंग परीक्षण में प्रयुक्त होने वाली अल्ट्रासाउंड मशीन मौके पर नहीं मिली।
मंगलवार को हरियाणा के डिप्टी सीएमओ डाक्टर आरके सहाय के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लिंग परीक्षण कराने में एजेंट का कार्य करने वाली बलविंदर कौर को साथ लेकर गांव सकौती में एक मकान पर छापा मारा। मकान में ही डाक्टर रवि कुमार क्लीनिक चलाता है। मौके पर टीम को लिंग परीक्षण में प्रयुक्त होने वाली अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं मिल सकी।
डिप्टी सीएमओ ने बताया की महिला एजेंट के साथ सिरसा और कैथल निवासी दो महिला दंपति साथ में थी जिनसे लिंग परीक्षण के नाम पर 12-12 हजार रुपये लिए गए थे। मौके पर एजेंट महिला से 12 हजार रुपये बरामद भी हुए। साथ ही क्नीनिक से प्रतिबंधित दवाइयां एमटीपी की गोलियां आदि बरामद हुईं। मामले में आरोपी क्लीनिक संचालक रवि तथा एजेंट महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। देर शाम तक सीएमओ शामली, ऊन चिकित्सा प्रभारी डाक्टर प्रवीण कुमार का इंतजार किया जा रहा था। थाना प्रभारी बीपीसिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा।
उधर, सकौती निवासी दरिया का कहना है कि डाक्टर रवि उनके मकान में दो कमरे किराए पर लेकर क्लीनिक चला रहा है। वह कोई अवैध काम नहीं कर रहा है। किसी ने झूठी सूचना देकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की है। डाक्टर रवि के पक्ष में गांव सकौती के दर्जनों ग्रामीण थाना झिंझाना पहुंचे। उन्होंने भी कहा कि डाक्टर रवि के खिलाफ कोई साजिश रची जा रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व झिंझाना कसबे में बालियान नर्सिंग होम पर भी करनाल (हरियाणा) स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा था। वहां कुछ नहीं मिलने को कहकर टीम लौट गई थी।