शामली के कैराना में घर में घुसकर अकेली महिला के साथ पड़ोसी युवक ने तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने तमंचे की बट से महिला को घायल कर दिया और धमकी देकर फरार हो गया। बाद में पति के घर आने पर महिला सारी बात बताई। पति महिला को लेकर कोतवाली पहुंचा तथा नामजद तहरीर दी। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
क्षेत्र के एक मुहल्ले का निवासी युवक कस्बे में ही कपड़े सीलने का काम करता है। युवक प्रतिदिन रात 11 बजे दुकान बंद करके अपने घर जाता था। रविवार रात 10 बजे पति की गैर मौजूदगी में पड़ोस का ही एक युवक तमंचा लेकर उसके घर में घुस गया तथा तमंचे से आतंकित करते हुए महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने महिला के शरीर पर जगह-जगह तमंचे की बट मारकर उसे घायल कर दिया। महिला की चीख पुकार सुनकर मुहल्ले के लोग मौके पर आ गए। इसके बाद आरोपी गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
आरोप है कि सोमवार को भी आरोपी का पिता भी पीड़िता के घर आया तथा पुलिस में रिपोर्ट करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इस मामले में पीड़िता के पति ने अपने रिश्तेदारों को घर पर बुलवाया तथा पीडिता को लेकर कोतवाली पहुंचा। कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।