कैराना। अकबरपुर सुन्हेटी में ब्रह्मपाल की हत्या के 16 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस केवल एक ही आरोपी को गिरफ्तार कर पायी है, जबकि 5 आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
वहीं मंगलवार को अखिल भारतीय निषाद कश्यप युवा मोर्चा महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष गांव पहुंची तथा पीड़ित परिवार से मिल कर इंसाफ व सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
20 नवंबर की रात ग्राम अकबरपुर सुन्हेटी निवासी ब्रह्मपाल की अपने घेर में सोते समय गोली मार कर हत्या कर दी थी। जबकि इससे 7 माह पूर्व उसके ब्रह्मपाल के भाई संगत की पत्नी गुड्डी को अपहरण, दुराचार करके हत्या करने के बाद शव को यमुना में डाल दिया था। दोनों ही हत्याओं में दूसरे समुदाय के लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
20 नवंबर की रात ब्रह्मपाल की हत्या के मामले में ब्रह्मपाल के भाई रमेश ने दूसरे समुदाय के 6 हत्यारोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। हत्या के समय एसपी डा. अजय पाल ने मौके पर जाकर हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था।
दो दिन बाद पुलिस ने एक हत्यारोपी सबदर निवासी अकबरपुर सुन्हेटी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। वहीं बाद में हत्या के 16 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस फरार 5 आरोपियों में से किसी को भी गिरफ्तार नहीं कर पायी।
उधर मंगलवार को अखिल भारतीय निषाद कश्यप युवा मोर्चा महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष कश्यप आशु खोकर अकबरपुर सुन्हेटी पहुंची तथा पीड़ित परिवार से मिली। इस दौरान मृतक ब्रह्मपाल के भाई रमेश ने कहा कि उनके परिवार के साथ दो घटनाएं होने के बाद नेता तो बहुत आए, लेकिन केवल आश्वासन देकर चले गये। किसी ने भी उनकी सहायता नहीं की। जिस पर आशु खोकर ने पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने को आश्वासन दिया।