कैराना। पुलिस ने यमुना पुल पर चेकिंग के दौरान डीसीएम के अंदर चावल की भूसी के बोरों के नीचे छिपा कर लाई जा रही हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब के पव्वों की 190 पेटी पकड़ीं। पकड़ी गई शराब की कीमत छह लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने डीसीएम चालक को गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार रात यमुना पुल पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने पानीपत की ओर से आ रहे डीसीएम को रोक कर तलाशी ली तो उसके अंदर चावल की भूसी के बोरों के नीचे शराब की पेटियां छिपाई गई थीं।
पुलिस ने मौके से डीसीएम चालक प्रदीप उर्फ सोनू निवासी गांव बल्ला थाना असंध हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए डीसीएम चालक ने बताया कि वह शराब को पानीपत से लेकर आया था।
यूपी में आने के बाद उसे एक फोन आता, जिसके बाद आगे का रास्ता बताया जाता। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि डीसीएम के अंदर से 190 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब के पव्वे बरामद किए गए हैं। डीसीएम चालक का चालान कर दिया गया है।