शामली। नगर के मोहल्ला शिव कालोनी निवासी व्यक्ति से तीन युवकों ने लूटपाट की और फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीनों को दबोच लिया।
बुधवार को सीओ सिटी निशांक शर्मा द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में सीओ सिटी ने बताया कि मंगलवार देर रात डेढ़ बजे मोहित पुत्र राजकुमार निवासी शिव कॉलोनी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बाइक यूपी 19ए 2099 पर सवार तीन युवकों ने उसके पास से तीन मोबाइल और कुछ नकदी छीन ली।
पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी और भिक्की मोड़ पर बाइक पर सवार तीन युवकों को पकड़ लिया। उनके नाम प्रशांत उर्फ डीएम पुत्र अनिल निवासी धीमानपुरा के पास से तमंचा, कारतूस, विशाल उर्फ हनी पुत्र मनोज निवासी टंकी कॉलोनी आदर्श मंडी और कमल उर्फ मिट्ठन पुत्र कुलदीप निवासी टंकी कालोनी हैं।
पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर सूरज पुत्र ब्रजमोहन के यहां छापामार उसके पास से लूटा मोबाइल बरामद कर लिया। तीनों ने सूरज को मोबाइल बेचा था। पुलिस ने सभी का चालान कर दिया। एसपी शामली विजय भूषण ने पुलिस टीम को यह खुलासा करने के लिए पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।