शामली। कंडेला स्थित फैक्ट्री में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी करने वाले सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, पांच छुरे और 25 प्लेट रागा धातु व प्रयोग की गई कार बरामद की। फैक्ट्री में ही काम करने वाले नौकर को शामिल कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
नौ मई को कैराना रोड पर कंडेला स्थित नामदेव इंटर प्राइजेज में चोरों ने रागा धातु की चोरी की थी। यह मामला फैक्ट्री मालिक ने कैराना कोतवाली में दर्ज कराया। पुलिस ने पड़ताल करते हुए इस चोरी में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि वारदात का मुख्य आरोपी मौके से भाग निकला। पुलिस अधीक्षक विजय भूषण ने प्रेसवार्ता कर चोरों का खुलासा किया। बताया कि शुक्रवार रात पुलिस ने शामली बाईपास पर मुठभेड़ के दौरान सात आरोपियों को पकड़ा।
इनकी पहचान उवेश, इंतजार, वसीम, आकाश, हारून, इमदाद, मेहराज निवासी थानाभवन को हिरासत में लिया। इस दौरान मौके से प्रीतम निवासी थानाभवन भाग निकला। पुलिस को इनके कब्जे से दो तमंचे, पांच छुरे और कार बरामद हुई। कार में 25 प्लेट रागा धातु भी रखी हुई थी। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उन्होंने नामदेव इंटरप्राइजेज में चोरी की घटना को अंजाम दिया। फैक्ट्री में काम करने वाले आकाश ने अपने साथी प्रीतम के साथ फैक्ट्री में चोरी करने की योजना बनाई। जिसके बाद प्रीतम ने कस्बे के ही अन्य साथियों को अपने साथ लिया।
सरसावा में बेचते थे माल
प्रेसवार्ता के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने घटना की रात को दो बार माल चोरी किया। आकाश ने उन्हें सारी लोकेशन दी। इस माल को उन्होंने सरसावा में किसी कबाड़ी के यहां बेचा। प्रेसवार्ता में बताया कि पहले भी वह इस फैक्ट्री से कई बार चोरी की चुके थे, लेकिन इस बार अधिक माल गायब होने पर फैक्ट्री मालिक को पता लग गया।
बेहद शातिर हैं पकड़े गए चोर
पकड़े गए चोर बेहद शातिर हैं। उन्हें फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे के बारे में भी पता था। जिस पर उन्होंने पहले ही कपड़ा डाल दिया था, ताकि वह पहचान में न आ सके। इसके साथ ही चोरी की घटना में थानाभवन के युवकों का हाथ होने का भी किसी को शक नहीं था।