शामली। क्राइम ब्रांच, आदर्श मंडी और बाबरी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लुटेरों में दो दसवीं कक्षा के छात्र हैं। लुटेरों का यह गैंग जिले के साथ ही पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी वारदातों को अंजाम देते थे।
बृहस्पतिवार को एसपी विजय भूषण ने प्रेसवार्ता में उक्त गिरोह की धरपकड़ का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि बुधवार शाम भिक्की मोड़ के पास से एक बाइक सवार थाना बाबरी क्षेत्र के ग्राम हाथी करौंदा निवासी दीपक पुत्र कृष्णपाल, बागपत के बरवाला क्षेत्र के नसोली (हाल निवासी हाथी करौंदा) अक्षय पुत्र सोमपाल, थाना ककरौली (मुजफ्फरनगर) निवासी ग्राम टन्हेड़ा नवीन उर्फ लवी को गिरफ्तार किया।
इनके चार साथी मौके से फरार हो गए। तलाशी लेने पर आरोपी दीपक और नवीन के कब्जे से एक- एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा एक मोबाइल फोन अक्षय से बरामद हुआ, जो कुछ दिन पूर्व आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में ग्रामीण से लूटा गया था।
पकड़े गए आरोपियों में दीपक और अक्षय कक्षा दसवीं के छात्र हैं। एसपी ने बताया कि इस गिरोह में शामिल हाथी करौंदा निवासी सोनू पुत्र इलमा, सोनू पुत्र रामकुमार, अर्पित पुत्र बिजेंद्र और सचिन पुत्र कर्मवीर मौके से फरार हो गए। उक्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है, जिसके बाद दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही पर माजरा रोड स्थित ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज के पीछे रेलवे लाइन किनारे गड्ढों में छिपाकर रखी गई तीन मोटरसाइकिल और एक के पुर्जे बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक मोटर साइकिलों को पुराल से छिपाकर रखा गया था।
एसपी ने बताया कि इन आरोपियों ने भौराकलां, आदर्श मंडी, गढ़ीपुख्ता, बाबरी क्षेत्र में लूट और चोरी की वारदातें की। वहीं, हरियाणा के पानीपत से भी मोटर साइकिल चोरी करने की घटना कबूली है।
लूट और चोरी के वाहनों के साथ दबोचे गए आरोपियों पर पूर्व में कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। गैंग में दसवीं के छात्रों के शामिल होना जाहिर करता है कि गैंग अभी कुछ समय पूर्व ही बना। भटकाव की राह पर युवा पीढ़ी अपना भविष्य अंधकारमय बना रही है।