कैराना। कैराना में अगस्त माह में हुई तीन डकैतियों में पुलिस ने सहारनपुर जेल में बंद मेहताब उर्फ बैचेन को 24 घंटे की रिमांड पर लिया। लाखों की लूट वाले मामलों में मेहताब की निशानदेही पर मात्र अभी मात्र 5100 रुपये की ही रिकवरी की गई। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
विदित रहे कि तीन अगस्त में ब्लाक कालोनी में 28 हजार रुपये की नकदी के साथ ही सोने चांदी के जेवर लूट लिए थे। इसके बाद 8 अगस्त को बदमाशों ने राजेंद्र नगर कालोनी स्थित बंधन प्राइवेट फाइनेंस बैंक में 55 हजार रुपये की डकैती को अंजाम दिया था। इसके अगले ही दिन बदमाशों ने हसन कालोनी के पास तीन घरों में लाखों की डकैती डाली थी।
तीनों मामलों में पुलिस की जांच में मेहताब का नाम सामने आया था। पिछले माह पुलिस दबाव के चलते ने सहारनपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। कोतवाली पुलिस ने रविवार को मेहताब को चौबीस घंटे की रिमांड पर लिया।
कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज ने बताया कि मेहताब की निशानदेही पर ब्लाक कालोनी और हसन कालोनी के पास पड़ी डकैती के 2500 रुपये कैराना के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के सामने प्लाट से बरामद किए गए।
इसके अलावा बंधन बैंक की डकैती के 2600 रुपये कंडेला के जंगल से बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि रिकवरी के लिए अभी आैर भी प्रयास किए जाएंगे। इसमें किसी तरह की ढ़िलाई नहीं बरती जाएगी।