शामली के कांधला में जन्मदिन की पार्टी में तेज आवाज म्यूजिक चलाने को लेकर दो समुदाय के लोगों में हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस ने दोनों ही पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सैनी समाज के लोगों ने पंचायत कर कहा कि हमें घर में घुसकर पीटा गया, इसके बावजूद पुलिस ने हमारे खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कांधला के मोहल्ला खैल में बुधवार रात रामकुमार सैनी अपने घर में जन्मदिन की पार्टी मना रहा था और म्यूजिक सिस्टम से गाने बजाकर मनोरंजन किया जा रहा था। पड़ोस में रहने वाले
दूसरे समुदाय के लोगों ने म्यूजिक सिस्टम की आवाज कम करने के लिए कहा, जिस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। रामकुमार ने आरोप लगाया था कि दूसरे समुदाय के लोगों ने उनके घर में घुसकर हमला बोल दिया तथा रामकुमार, उसके भाई सोनू तथा मां राजबाला को घायल कर दिया।
राजबाला की तहरीर पर सोनू, राजा, भूरा और नासिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ही। वहीं, बृहस्पतिवार को दूसरे पक्ष से जुनैद ने प्रमोद, रामकुमार, कक्कन, मनीष, गेंदा और ईशू के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी। वहीं, दूसरे पक्ष की तरफ से भी रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की जानकारी होने पर सैनी समाज में रोष फैल गया। पूर्वी यमुना नहर के पास स्थित निरंकार मंदिर में सैनी समाज के लोग एकत्रित होकर पंचायत की।
पंचायत में भाजपा नेता नरेश सैनी ने पुलिस पर सैनी समाज के लोगों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। इसके बाद नरेश सैनी के नेतृत्व में सैनी समाज के लोग कांधला थाने पहुंचे और वहां डीआईजी जितेंद्र कुमार शाही से मुलाकात कर कांधला थाना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने रामकुमार सैनी पक्ष के खिलाफ दर्ज मुकदमे को खारिज कराने और दूसरे पक्ष के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कराने की मांग की। डीआईजी ने जांच कराकर निष्पक्ष कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान नरेश सैनी, आल्दी प्रधान अरविंद सैनी, सल्फा प्रधान नीरज मलिक, इंद्रपाल सिंह, बबलू, राहुल, अमित, सतेंद्र, बसपा नेता देवीदास जयंत आदि मौजूद रहे।