कैराना। कैराना में पकड़े गए पंजाब की नाभा जेल ब्रेक के मास्टर माइंड पलविंदर उर्फ पिंदा के खिलाफ कैराना ने आर्म्स एक्ट के मामले में 19 दिन में चार्जशीट दाखिल कर दी, हालांकि अभी लूट की गाड़ी बरामदगी तथा धोखाधड़ी के मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।
27 नवंबर को कैराना पुलिस ने पंजाब की नाभा जेल ब्रेक के मास्टर माइंड पलविंदर उर्फ पिंदा को उस समय गिरफ्तार कर लिया था। जब वह पंजाब की नाभा जेल को तोड़ कर वहां से खालिस्तान लिब्रेशन फोर्स के चीफ सहित 6 कैदियों को भगाने के बाद फार्च्यूनर कार से देहरादून जा रहा था।
पलविंदर अपनी हथियारों से लदी गाड़ी से कूद कर पैदल ही बाजार में भागने लगा था। तब कैराना पुलिस ने जनता के सहयोग से पलविंदर को दबोच लिया
था। पलविंदर की गाड़ी से पुलिस ने एक पंप गन सहित चार राइफलें, भारी संख्या में कारतूस, दो वाकी-टाकी व चार मोबाइल बरामद किए थे। पुलिस ने पलविंदर का चालान करके कैराना एसीजेएम कोर्ट में पेश किया था।
जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में मुजफ्फरनगर जेल भेज दिया था। वहीं इसके अगले ही दिन पलविंदर को पंजाब पुलिस बी वारंट पर अपने साथ पंजाब ले गई थी। कैराना कोतवाली में पलविंदर उर्फ पिंदा के विरुद्ध दर्ज मुकदमे के विवेचक एसएसआई अमन सिंह ने बताया कि पलविंदर उर्फ पिंदा के विरुद्ध धारा 25/27 आर्म्स एक्ट में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। जबकि लूट की गाड़ी बरामद होने व हथियार बरामद होने व फर्जी आईडी बनाने की धोखाधड़ी के मामलों में अभी भी पुलिस की विवेचना जारी है।