थानाभवन। गांव हींड-जगदीशपुरा मार्ग पर दूध विक्रेता की हत्या करने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। हत्या की वजह राशन की दुकान का विवाद बताया गया है। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर जाम लगाया।
थानाभवन के गांव हिंड निवासी दूध विक्रेता गुल्लू उर्फ गुलफाम पुत्र यासीन की बृहस्पतिवार रात हिंड जगदीशपुरा मार्ग पर रेलवे फाटक के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई तसव्वर पुत्र यासीन ने तहरीर देकर बताया कि गुल्लू बृहस्पतिवार रात साथी मकसूद के साथ जगदीशपुरा से दूध लेकर लौट रहा था।
जब वह हींड रेलवे फाटक के पास पहुंचे तो पहले से घात लगाकर खडे़ बदमाशों ने उन्हें रोक लिया तथा गुल्लू के सिर पर सटाकर गोली मार दी, जबकि मकसूद ने भाग कर जान बचाई। शुक्रवार सुबह गुल्लू का शव पोस्टमार्टम के बाद जब घर पहुंचा तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ शव को दिल्ली सहारनपुर राजमार्ग पर हिंड पुलिया के पास रखकर जाम लगा दिया।
सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष कुलदीप कुमार ने दो दिन के भीतर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम खोला गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी गई है।
इनके खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
तसव्वर ने गांव के ही कुरबान पुत्र इंजार, गुलफाम उर्फ गुल्ला पुत्र इंतजार, जुल्फकार उर्फ जिलवा पुत्र अस्त अली, रागिब पुत्र शमशेर के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई। तस्सव्वर ने बताया कि उसके भाई गुल्लू ने हिंड गांव के राशन डीलर पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। राशन की दुकान हत्यारोपी कुरबान की पत्नी के नाम थी। जिला प्रशासन ने राशन डीलर की दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया था। वहीं, गत एक मार्च 2016 को गुल्लू और अन्य ग्रामीणों ने शामली तहसील दिवस में आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी।
शिकायत पर नहीं बरती गंभीरता
हिंड पुलिया पर जाम लगाने वाले ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस की लापरवाही की वजह से गुल्लू की जान गई। क्योंकि एक मार्च को जब तहसील दिवस में लिखित शिकायत कर जान का खतरा बताया गया था, तो पुुलिस ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। यदि उस शिकायत पर कार्रवाई होती, तो गुल्लू की जान बच भी सकती थी।