शामली। कैराना नगरपालिका के चेयरमैन के घर फायरिंग के मामले में तीसरा दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि पुलिस इस मामले में कई नेताओं की संलिप्तता की बात कह रही है। पुलिस अन्य कई बिंदुओं पर भी अपनी जांच कर रही है।
कैराना नगर पालिका चेयरमैन मो. राशिद के आवास पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ पर फायरिंग कर दी थी। इस मामले में वहां पर काम कर रहा एक व्यक्ति घायल हो गया था। मामले में मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया था। जिसको लेकर अभी तक इस मामले में शुक्रवार को तीसरा दिन बीत गया, लेकिन पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। वैसे तो चेयरमैन की किसी से कोई रंजिश नहीं है, लेकिन फिर भी खाकी इस मामले को राजनीतिक रंजिश से भी जोड़कर चल रही है।
सूत्रों की मानें तो यदि यह राजनीतिक रंजिश के चलते किया गया तो जाहिर है कि इस मामले में कई सफेदपोश के नाम सामने आ सकते हैं। इसी बात को लेकर शामली पुलिस अपना फोकस किए हुए है। इसके अलावा कई ओर अन्य बिंदुओं को आधार बनाकर पुलिस अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है। इसमें यह भी बिंदू शामिल किया जा रहा है कि कहीं आधार कार्ड का काम करने वाले से तो किसी की कोई दुश्मनी नहीं है।
इसके अलावा यही नहीं आने वाले 2017 चुनाव में चेयरमैन की भूमिका के प्रति राजनीतिक रंजिश बनाने को भी पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है। इसके अलावा जैसा की चेयरमैन के द्वारा पुलिस को बताया गया कि उनके पास रुपयों के लिए फोन आ रहे थे। तो इस मामले को रंगदारी से भी जोड़ते हुए पुलिस जांच कर रही है।
वहीं, दूसरी तरफ इस मामले के बारे में एससपी अनिल कुमार झा ने बताया कि पुलिस हरेक बिंदू पर अपना काम कर रही है। इस मामले में सफेदपोशों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है, हर हाल में जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।
नहीं हो सकी हमलावरों की पहचान
कैराना। नगर पालिका चेयरमैन के आवास पर फायरिंग की घटना हुए 48 घंटे बीत गए, मगर हमलावरों की पहचान तक नहीं हो सकी। साथ ही इतनी बड़ी घटना होने के बाद जहां चेयरमैन के आवास पर समर्थकों की भीड़ लगी है।
लेकिन पुलिस सुरक्षा के नाम पर केवल एक ही कांस्टेबल तैनात है। बुधवार को पालिका चेयरमैन राशिद अली के आवास पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों द्वारा फायरिंग की गई थी। जिसमें राशिद तो बाल बाल बच गए थे, जबकि आवास पर काम कर रहा युवक गोली लगने से घायल हो गया था। फायरिंग की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था तथा चेयरमैन आवास पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी व एएसपी मौके पर पहुंचे थे तथा घटना की जानकारी ली थी।
वही कैराना पुलिस ने मामले मे दो अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था, लेकिन घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस हमलावरों की परछाई तक नहीं पहुंच पाई। उधर, पालिका चेयरमैन के आवास के बाहर लगे सीसीटीवी केमरे की फुटेज से भी हमलावरों को पहचानने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।