कैराना। पांवटी कला में हुए खाकी पर हमले के आरोपी 48 घंटे बाद भी पुलिस पकड़ से बाहर घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस उनको गिरफ्तार नहीं कर पाई। हालांकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द किए जाने का दंभ भर रही है।
रविवार को ग्राम पांवटी कला में एक वांछित मास्टर आलिम को गिरफ्तार करने के लिए कैराना पुलिस टीम ने दबिश दी थी। पुलिस जब आलिम को पकड़कर जीप में बैठा रही थी तो उसी दौरान भीड़ ने पथराव करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया था।
भीड़ ने दरोगा आदेश कुमार की वर्दी फाड़ते हुए वर्दी की डोरी सेे दरोगा का गला घोंटने का प्रयास किया था। साथ ही पुलिस के ऊपर गैस सिलेंडर फेंककर उसमें आग लगा कर जलाने का भी प्रयास किया था।
हमलावरों ने पुलिस पार्टी पर चार पांच फायर भी किए थे। सूचना पर एसपी व अतिरिक्त पुलिस बल ने मौके पर जाकर पुलिस की जान बचाई थी। बाद में दरोगा आदेश कुमार की तहरीर पर 15 नामजद पुरुषों व महिलाओं तथा अज्ञात के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को मंगलवार को दो दिन बीत गए, लेकिन आज तक पुलिस एक भी हमलावर को गिरफ्तार नहीं कर पायी। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। हमलावर जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।