कांधला । गांव किवाना में रंजिश के चलते एक ग्रामीण पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक के चचेरे भाई ने ही वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
क्षेत्र के गांव किवाना निवासी 45 वर्षीय शादीन सोमवार की रात्रि खाना खाने के बाद मकान में सो गया था, जबकि परिवार के अन्य लोग बराबर के कमरे में सो रहे थे। रात करीब 11 बजे शादीन के कमरे में गोलियां चलने की आवाज सुनाई दीं, तो परिजनों में दहशत फैल गई।
गोलियों की आवाज सुनकर गांव के अन्य लोग भी जाग गए। शादीन की पत्नी रिहाना आनन-फानन में मौके पर पहुंची, तो उसने देखा रहीसू चचेरे भाई शादीन पर तमंचे से गोलियां बरसा रहा था। शादीन को खून से लथपथ देख रिहाना ने शोर मचा दिया और आरोपी को पकड़ने का प्रयास करने लगी, लेकिन वह रिहाना को धक्का देकर फरार हो गया।
लहूलुहान शादीन को परिजन सीएचसी ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि आरोपी शादीन का चचेरा भाई है। पिछले काफी दिन से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही है, जिसके चलते ही उसने वारदात को अंजाम दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ कैराना एनपी सिंह व थाना प्रभारी नरेश पाल पुलिस बल के साथ अस्पताल में पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक शादीन के सीने व पेट में दो गोलियां लगी हैं। शादीन की पत्नी रिहाना ने रहीसू के खिलाफ तहरीर दी है।