थानाभवन। उपचार के लिए आई एक महिला को तांत्रिक ने 12 हजार रुपये में बेच दिया। ग्राहक द्वारा ले जाते समय महिला के हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।
थानाभवन के जलालाबाद चौकी के पास अधेड़ व्यक्ति और एक महिला के बीच विवाद हो रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच बचाव कराना चाहा तो मामला सुनकर पुलिस सकते में आ गई। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थानाभवन थाने ले आई। थाने में पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह अब्दाल नगर की रहने वाली है। अपने परिवार की समस्या के समाधान के लिए कल्लरपुर कसोली में एक तांत्रिक के पास गई थी।
आरेाप है कि तांत्रिक ने उसे गुमराह कर रामपुर मनिहारन थाने के एक गांव निवासी अधेड़ के साथ भेज दिया। जैसे ही वह जलालाबाद चौकी के पास पहुंची तो अधेड़ व्यक्ति ने उससे छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया तो हंगामा शुरू हो गया। पूछताछ करने पर अधेड़ ने बताया कि तांत्रिक ने महिला को 12 हजार रुपये में उसे बेचा है।
उधर, महिला ने बताया कि तांत्रिक ने उसे भी एक हजार रुपये देकर अधेड़ के साथ भेजा था। बाकी के पैसे लेकर तांत्रिक फरार हो गया। पुलिस तांत्रिक की तलाश कर रही है।