थानाभवन। सोंतारसूलपुर गांव में भट्ठे के ठेकेदार को बंधक बनाकर पीटा गया और उससे साढे़ तीन हजार रुपये की नकदी लूट ली। पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित ने आरोपियों पर तमंचों से आतंकित करते हुए दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप भी लगाया है।
शामली के आदर्श मंडी थाने के गांव दुल्लैहंडा निवासी बिजेंद्र पुत्र हरिया ने थाने में तहरीर दी है कि वह एक भट्ठा पर लेवर ठेकेदार है। पीड़ित ने बताया कि थानाभवन के गांव सोंतारसूलपुर निवासी युवक को भट्ठे पर मजदूरी करने के लिए 50 हजार की पेशगी दी थी, लेकिन आरोपी पेशगी लेने के बाद भी भट्ठे पर नहीं गया।
जिसे लेकर जब पीड़ित आरोपी के गांव गया तो आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर बिजेंद्र को तमंचों से आतंकित कर बंधक बना लिया तथा उसकी जेब से 3500 रुपये भी लूट लिए। आरोप है कि पीड़ित को आरोपियों ने बुरी तरह से पीटा।
आरोप लगाया है कि तमंचों से ंआतंकित करते हुए बंधक मुक्त करने की एवज में परिजनों को फोन करके दो लाख रुपये मंगवाने को भी कहा। प्रात: जब आरोपी सो गए तो किसी तरह बिजेंद्र बंधन मुक्त हुआ। पीड़ित ने तीन लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।