शामली । जिले में मोबाइल चोरी होने, छीनने आदि की घटनाएं बढ़ रही है। थानों में इस तरह की शिकायतें खूब पहुंच रही हैं, लेकिन उन पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। इसके लिए जिले में अलग से मोबाइल सर्विलांस सेल बनाए जाने की योजना तैयार की जा रही है।
थानों में मोबाइल चोरी होने और छीनने आदि की घटनाओं को लेकर शिकायतें पहुंचती है। कई बार पीड़ित केवल सिम निकलवाने के लिए प्राथमिकी थाने में देता है, ताकि उसके सिम का दुरुपयोग न हो। कभी मोबाइल छीनने की रिपोर्ट दर्ज कराता है। पुलिस भी इन मामलों में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। कई बार रिपोर्ट दर्ज होती है, तो कई बार पीड़ित केवल थाने से मोहर लगवाने के बाद चला जाता है और दूसरा सिम ले लेता है।
कई बार शातिर अपराधी मोबाइल लूटकर किसी को धमकी दे देते हैं, जिसके बाद पीड़ित को ही पुलिस दोषी मानकर कार्रवाई शुरू कर देती है। इस तरह के मामले में एसपी दफ्तर पर भी अधिक पहुंचने लगे हैं। जिस पर संज्ञान लेते हुए अब जिले में मोबाइल चोरी होने व छीनने आदि की रिपोर्ट के लिए अलग से मोबाइल सेल तैयार किए जाने की योजना बनाई जा रही है। एसपी विजय भूषण ने बताया कि इसमें अलग से मोबाइल सर्विलांस सेल बनाई जाएगी, ताकि मोबाइल से जुड़े मामलों का वहीं पर निस्तारण किया जा सके।