शामली में होलिका दहन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिसमें एक पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में दो लोग घायल हो गए। गुस्साए लोगों ने हमलावरों की दुकान में तोड़फोड़ की और दुकान से सामान निकालकर होली की आग में डाल दिया। पुलिस ने दो को हिरासत में लिया है।
नाला पटरी स्थित फूल मार्केट में बुधवार रात होलिका दहन हो रहा था। इसके स्थान के पास ही बोबी पुत्र महेंद्र व राजकमल निवासी बिडौली का दफ्तर है। आरोप है कि बोबी ने वहां मौजूद लोगों को होलिका दहन करने से रोक दिया और वहां पर होली की आग को पानी डालकर बुझाने की कोशिश की, जिससे हंगामा हो गया।
बोबी ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से भीड़ पर फायरिंग कर दी। गोली श्रवण के पैर व राजू के पेट में जा लगी। गोली चलने से भीड़ भड़क गई और आरोपियों पर हमला बोल दिया। आरोपी वहां से भाग निकले।
भीड़ ने आरोपियों के दफ्तर में तोड़फोड़ कर दी। दफ्तर में रखा इंवर्टर, बैटरा, कुर्सी आदि होली की आग में डाल दिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
कोतवाली प्रभारी राजबहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी बोबी व राजकमल को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल भी बरामद कर लिया गया।