कैराना। विधानसभा चुनाव के लिए हरियाणा से तस्करी करके ट्रक से लाई जा रही करीब 13 लाख की शराब जब्त की गई। पुलिस टीम को देखकर चार तस्कर ट्रक से कूदकर फरार हो गए। पुलिस ने शराब लदे ट्रक को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया।
शुक्रवार रात 11 बजे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस यमुना पुल पर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुल पर तैनात एसआई मनोज कुमार ने अपनी टीम के साथ पानीपत की ओर से आ रहे एक ट्रक को रुकने का इशारा किया तो चार आरोपी ट्रक को यमुना पुल पर ही रोककर फरार हो गए।
तलाशी के दौरान पुलिस ने ट्रक के अंदर से 360 पेटी हरियाणा मार्का देशी शराब बरामद की। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि बरामद शराब की कीमत करीब 13 लाख रुपये है। ट्रक पर नंबर प्लेट की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। चेकिंग अभियान जारी रहेगा।