शामली। जासूसी के आरोप में पाक उच्चायोग के अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद कैराना (शामली) के फरहत खान के बारे में स्थानीय स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) और पुलिस भी जानकारी जुटा रही है।
मोहल्ला वेदोवाला निवासी फरहत खान खुद को सांसद मुनव्वर सलीम का प्रतिनिधि बताता है। वह जिला वक्फ बोर्ड सब कमेटी का चेयरमैन भी है। नगरपालिका परिषद कैराना का नामित सभासद भी है, जिसका बोर्ड उसके घर की गली के बाहर लगा हुआ है। उसकी गिरफ्तारी की जानकारी होने पर स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) की टीम भी कैराना में फरहत खान के घर पहुंची। फरहत के बड़े भाई मुशर्रत ने उनसे कह दिया कि हमें कोई जानकारी नहीं है।
मुशर्रत ने बताया कि शुक्रवार को फरहत घर पर ही था। वह किसी कार्य के लिए दिल्ली गया था। न्यूज चैनलों पर खबरें देखने के बाद उसने कहा कि उसे नहीं मालूम कि क्राइम ब्रांच उसके भाई से क्यों पूछताछ कर रही है। उधर, फरहत के मकान के आसपास रहने वाले लोग भी इसकी जानकारी होने पर हैरान हैं। आसपास के लोगों की मानें, तो फरहत का कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। फरहत खान ने 12 वीं तक की कॉमर्स विषय की पढ़ाई कैराना के पब्लिक इंटर कॉलेज से की।
इसके बाद उसने बीकॉम और एलएलबी भी की। काफी समय से वह सांसद मुनव्वर सलीम के साथ जुड़ा रहा। सपा कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान सहित कई नेताओं से संपर्क बनाकर रखता था।