शामली। बागपत के गांव पुसार से गांव मालेंडी में भात देने जा रहे परिवार के साथ मेरठ-करनाल हाईवे पर बरला जट के पास लूटपाट हो गई। पीड़ित परिवार ने शामली कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
बागपत जनपद के दोघट थाना क्षेत्र पुसार गांव निवासी ओमकार की बहन गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र के गांव मालैंडी में रहती है। बुधवार को उनके यहां लड़की की शादी थी, जिसके चलते ओमकार अपने परिवार के साथ ट्रैक्टर ट्राली से मालैंडी में भात देने जा रहा था। अपराह्न करीब चार बजे जब वह लोग शामली कोतवाली क्षेत्र में मेरठ करनाल हाईवे पर गांव बरला जट के पास पहुंचे, तो चार युवकों ने उनकी ट्रैक्टर ट्राली रोक ली। आरोप है कि युवकों ने मारपीट करते हुए उनसे 50 हजार रुपये नकदी सहित सोने चांदी के जेवरात भी लूट लिए।
इसके बाद ओमकार ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को तलाश कराया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। ट्रैक्टर ट्राली सवार लोगों का किसी बात को लेकर उनसे विवाद हुआ। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।