कैराना। एक युवक का दिल्ली की युवती के साथ फेसबुक पर दोस्ती हो गई। दोस्ती प्यार में बदली और प्यार शादी में। इसी दौरान युवती के परिजनों ने दिल्ली पुलिस में रिपोर्ट करा दी। अब दोस्त से पति-पत्नी बने युवक-युवती पुलिस से बचने के लिए फरार हैं और दिल्ली पुलिस कैराना के चक्कर काट रही है।
कस्बे के मोहल्ला गुंबद निवासी एक युवक की एक साल पहले फेसबुक पर दिल्ली निवासी एक युवती से पहचान हो गई। फेसबुक पर दोनों के बीच बातें होती रहीं और गहरी दोस्ती में बदल गई। युवती दिल्ली के रानी बाग थाना क्षेत्र की है। फेसबुक पर दोस्ती धीरे धीरे प्यार में बदल गई। दोनों ने फेसबुक पर ही साथ जीने और मरने की कसमें खायीं। जिसके चलते दो माह पूर्व युवती दिल्ली से परिजनों को बिना बताए कैराना युवक से मिलने आ गई।
युवक ने दिल्ली की युवती को अपने परिजनों से भी मिलाया, लेकिन युवक के परिजन युवती को उसी समय वापस दिल्ली छोड़ आए।
इसके बाद युवती 10 दिन पहले फिर से अपने परिजनों को बिना बताए कैराना आ गई। इसके बाद युवक के परिजनों ने युवती का साथ दिया और दोनों की कस्बे के आर्य समाज मंदिर में शादी करा दी।
उधर, युवती के नहीं मिलने पर युवती के पिता ने दिल्ली पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी। जिसके चलते 6 दिन पूर्व दिल्ली पुलिस ने कैराना में मोहल्ला गुम्बद में युवक के मकान पर दबिश डाली, लेकिन मौके पर किसी के नहीं मिलने पर लौट गई। वहीं अपनी बेटी के भविष्य के प्रति चिंतित युवती के माता-पिता व भाई रविवार को फिर से अपनी बेटी की तलाश में कैराना आए, लेकिन बेटी के नही मिलने पर लौट गए।