कैराना। कैराना में एक बार फिर रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। इस बार कोई व्यापारी नहीं बल्कि किसान को बदमाशों ने अपना निशाना बनाते हुए रंगदारी मांगी है। बदमाशों ने किसान के दरवाजे पर धमकी भरी चिट्ठी चिपकाकर चार लाख मांगे हैं। घटना के बाद से पीड़ित किसान का परिवार दहशत में है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम मवी निवासी गफ्फार ने बुधवार को कैराना कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मंगलवार रात सवा नौ बजे मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने उससे एटीएम कार्ड का नंबर पूछा। जिस पर उसने कह दिया कि उसके पास एटीएम कार्ड नहीं है। इसके बाद कॉल कट गई। देर रात दरवाजे पर एक चिट्ठी बदमाशों द्वारा चिपका दी। बुधवार सुबह उसे दरवाजे पर चिट्ठी लगी मिली। जिसमें लिखा था कि तुम चार लाख रुपये का इंतजाम कर लो।
29 अगस्त को रुपये लेकर मवी के पास यमुना किनारे बड़ी बिजली लाइन के तीसरे खंभे के पास पहुंच जाना। अगर रुपये नहीं दिए तो तुम्हें अपनी जान गंवानी पडे़गी। उधर, मामले में कोतवाली प्रभारी अंबिका प्रसाद भारद्वाज का कहना है कि गफ्फार की तहरीर पर बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।