कांधला। गले में सैंडल डालकर विकलांग छात्र को स्कूल में घुमाने के प्रकरण में पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
थाना क्षेत्र के गांव भभीसा निवासी वीरेंद्र सिंह का विकलांग पुत्र तन्मय क्षेत्र के गांव डांगरौल के निकट एक स्कूल में पढ़ता है। पैर में खराबी होने के कारण छात्र शनिवार को स्कूल में जूतों की जगह सैंडल पहनकर चला गया था। स्कूल में क्लास टीचर ने छात्र को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए उसकी सैंडल गले में डाल दी थी और अपमानित करते हुए स्कूल में घुमाया था।
मानसिक प्रताड़ना के कारण गहरा आघात लगने पर छात्र को बुखार हो गया था। स्कूल से घर आने के बाद छात्र ने परिजनों को घटना की जानकारी दी थी। छात्र के परिजनों ने आरोपी क्लास टीचर सहित कई अन्य के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में थाना प्रभारी अनुराधा सिंघल का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।