बिजनौर जिले के धामपुर में शेरकोट के मुहल्ला हकीमानान में मुहल्ले के दो युवकों ने एक व्यक्ति को जहर देकर मारने का प्रयास किया। बेहोशी की हालत में उसे सीएचसी धामपुर में उपचार को भर्ती कराया गया है। डाक्टरों ने उसकी हालत को चिंताजनक बताया है। पुलिस ने घटना की जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोहल्ले की रिहाना ने बताया कि शनिवार को उनके मोहल्ले के दो युवकों ने उसके पति शमीम को जहर देकर मारने की कोशिश की। पता लगने पर बेहोशी की हालत में शमीम को उपचार के लिए धामपुर के सीएचसी में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि जब रविवार को शमीम को भाई मुकीम घटना को लेकर आरोपियों का विरोध कर रहा था तो एक आरोपी ने परिजनों के साथ मुकीम के घर पर पथराव कर दिया।
आरोपियों ने मुकीम की गर्दन रेत कर जान से मारने का भी प्रयास किया। मुकीम के गले पर गहरा जख्म है। मुकीम को भी सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एसओ का कहना है कि मामला पुलिस के संज्ञान में आ गया है। पुलिस जांच आरोपियों पर कार्रवाई करेगी।
उधर, अफजलगढ़ में गांव चाऊवाला निवासी सरोज पत्नी राजवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार लोगों ने जबरन खेत की मेढ़ को काट दिया। जब विरोध किया तो उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।