शामली के कांधला कस्बे में युवती और उसके प्रेमी को परिजनों ने साथ-साथ देख लिया। घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही युवती की मौत हो गई। रात में ही उसे अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद से युवक भी लापता है। क्षेत्र में युवती की ऑनरकिलिंग किए जाने की चर्चा है। हालांकि पुलिस मामले की जानकारी से इंकार कर रही है।
मामला कस्बे के एक मोहल्ले का है। यहां की रहने वाली एक युवती का पड़ोसी युवक के साथ से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार को यह बात पसंद नहीं थी। इसको लेकर कई बार दोनो परिवार के बीच विवाद भी हो चुका है। समाज के लोगों ने मामले में हस्तक्षेप कर युवक-युवती की शादी कराने का प्रयास किया था, लेकिन लड़की पक्ष इसके लिए तैयार नहीं हुआ। परिजनों के विरोध के बावजूद युवक और युवती का प्रेम प्रसंग जारी रहा। दोनों परिजनों से नजरें बचाकर एक-दूसरे से मिलते रहे। दोनों शादी करने पर जिद पर अड़े थे, लेकिन परिजनों में कोई सहमति नहीं बन सकी। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि दो दिन पूर्व युवती को युवक के साथ देख लेने पर परिवार ने विरोध किया था, तो दोनों परिवारों के लोग आमने सामने आ गए थे।
मोहल्ले के जिम्मेदार लोगों ने उस समय समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया था। बृहस्पतिवार रात फिर से युवती के परिजनों ने उसे युवक के साथ देख लिया। परिजन उस समय युवती को घर ले आए, जबकि युवक मौके से फरार हो गया। कुछ घंटे बाद ही युवती की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना रात में ही उसे अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, घटना के बाद बाद से युवक भी लापता है। युवक के परिजन डरे हुए हैं और कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं हैं। क्षेत्र में युवती की ऑनरकिलिंग किए जाने की चर्चा है। इस संबंध में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है।