कैराना के छड़ियान में दो पक्षों में संघर्ष के बाद भीड़ को खदेड़ती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में कैराना के छड़ियान मुहल्ले में कार मकैनिक और ट्रैक्टर चालक के बीच कहासुनी के बाद दो पक्षों में संघर्ष हो गया। लाठी डंडे और बेल्टों के चलने से पांच लोग घायल हो गए। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को खदेड़ा।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे दरबार खुर्द निवासी हारून ट्रैक्टर ट्राली लेकर कांधला तिराहे की ओर जा रहा था। कांधला तिराहे पर जाम लगा होने की स्थिति में हारूण के ट्रैक्टर का पाहिया इनाम कुरैशी की कार मरम्मत के खोखे के बाहर पडे़ जैक पर चढ़ गया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
बाद में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और संघर्ष शुरू हो गया। इससे अफरातफरी मच गई। संघर्ष में एक पक्ष के हारून, कौसर, माजिद एवं मुंशाद तथा दूसरे पक्ष से इकराम कुरैशी घायल हो गया। हारून ने किसी तरह एक मकान में घुसकर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और बंद मकान से घायल हारून को बाहर निकाला। घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि माहौल बिगाड़ने वालों काे बख्शा नहीं जाएगा। कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज ने बताया कि किसी भी पक्ष की और से तहरीर नहीं आने के कारण एक पक्ष के हारून, उसके भाई मुंशाद तथा दूसरे पक्ष के इकराम एवं उसके पिता हाजी हारून कुरैशी निवासी का चालान किया गया।