शामली। कांधला पुलिस ने एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से चोरी की तीन बाइक और एक तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक पकडे़ गए बदमाश को पनीर खाने का शौक है, इसी को पूरा करने के लिए वह लूटपाट करता है।
एसपी विजय भूषण ने बताया कि खंद्रावली पुलिस चौकी के पास थानाध्यक्ष अनुराधा सिंघल ने गौरव पुत्र कृष्णपाल निवासी तुगाना छपरौली जिला बागपत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से लूटी गई बाइक और एक हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, चार कारतूस बरामद किए हैं।
गौरव शातिर किस्म का अपराधी है। उसने बारह से अधिक लूट की वारदातें कबूली हैं। उसकी निशानदेही पर चोरी की दो अन्य बाइक बरामद की गई हैं। एसपी ने बताया कि उसके साथ नितिन, सचिन, रानू जो उसी के गांव के हैं उसके क्राइम में हमसफर रहे हैं।