ऊन। कक्षा एक में पढ़ने वाले छात्र का होमवर्क पूरा न होने पर अध्यापिका आग बबूला हो गई। आरोप है कि अध्यापिका ने छात्र को डंडे से पीटा और उसका हाथ तोड़ दिया। छात्र के पिता ने एसडीएम ऊन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा ऊन निवासी मेहरदीन ने एसडीएम ऊन विजय प्रकाश तिवारी को शिकायत पत्र देकर कहा कि उसका पांच वर्षीय बेटा सलमान कस्बे के ही प्राइवेट स्कूल में कक्षा एक का छात्र है। शुक्रवार को जब सलमान स्कूल में पहुंचा, तो अध्यापिका ने होमवर्क पूरा न होने पर उसे भला बुरा कहा और डंडे से पिटाई कर दी।
पिटाई में सलमान का हाथ भी टूट गया। छुट्टी होने पर घर पहुंचे सलमान ने घटना के बारे में जानकारी दी। आरोप है कि वह अध्यापिका से शिकायत करने स्कूल पहुंचे, तो अध्यापिका ने उनके साथ भी अभद्रता की। मामले में एसडीएम ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।