शामली के कांधला में चोरों ने मोहल्ला खोगरान में बंद मकान का ताला तोड़कर नगदी और ज्वैलरी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। मकान मालिक ने मोहल्ले के ही दो युवकों पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
कस्बा कांधला के मोहल्ला खोगरान निवासी आरिफ उत्तराखंड के ज्वालापुर में फल बेचने कार्य करता है। आरिफ के अनुसार उसके पीछे घर पर उसकी पत्नी अकेली रहती है। मंगलवार को वह भी मकान का ताला लगाकर हरियाणा के नानोर में अपनी रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गई थी। बुधवार सुबह पड़ोसी ने आरिफ को फोन पर जानकारी दी कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है। इस पर वह घर पहुंचा। बताया कि उसके घर में रखी 98 हजार रुपये की नगदी सहित सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए हैं। उसने क्षेत्र के ही दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले को संदिग्ध मान कर चल रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।