कैराना। मकान का दरवाजा खुलवाकर रविवार रात तमंचों के बल पर तीन युवकों ने बीकॉम की छात्रा का अपहरण कर लिया। शोरशराबा होने पर लोगों ने छात्रा को छुटाने का प्रयास किया तो आरोपी फायर करते हुए फरार हो गए। सोमवार को छात्रा के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी।
मोहल्ला खैलकला काजी का बाग निवासी वजीर अहमद सोमवार शाम मोहल्ले के लोगों को साथ लेकर कोतवाली पहुंचा। उसने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे कस्बे का ही एक युवक अपने दो साथियों के साथ उसके मकान पर पहुंचा और आवाज देकर दरवाजा खुलवाया। उसकी बीकॉम में पढ़ने वाली पुत्री ने जैसे ही दरवाजा खोला तो आरोपियों ने तमंचे के बल पर उसका अपहरण कर लिया।
शोर मचाया तो मोहल्ले के तीन-चार युवकों ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके ऊपर तमंचों से फायर कर दिया। जिसके बाद मोहल्ले वाले डर के कारण पीछे हट गए। इसके बाद आरोपी उसकी पुत्री को लेकर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही छात्रा को बरामद कर लिया जाएगा।
युवती से छेड़छाड़
शामली।
मोहल्ला दयानंदनगर में झुग्गी बस्ती में रहने वाली युवती से छेड़छाड़ करते हुए अपहरण का प्रयास किया गया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की गई, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मोहल्ला दयानंदनगर नाला पटरी के पास कुछ परिवार झोपड़ियों में रहते हैं। आरोप है कि सोमवार रात करीब सवा सात बजे कार सवार चार युवक वहां पहुंचे और झोपड़ी में रहने वाली एक युवती से छेड़छाड़ की। युवती को जबरदस्ती उठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर युवती को पीटा और उसके कपड़े भी फाड़ दिए।
शोर शराबा होने पर लोग इकट्ठा हो गए। इसी दौरान हवाई फायरिंग करके आरोपी चारों युवक मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित युवती और उसके परिजनों ने शामली कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर भी गई, लेकिन छानबीन करके लौट आई। मामले में कोई रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश राय का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है। जांच की जा रही है।