शामली। कलेक्शन करके लौट रहे बंधन बैंक के फील्ड ऑफिसर से तीन बदमाशों ने आतंकित करके 60 हजार रुपये नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को तलाश किया, मगर सुराग नहीं मिला। पुलिस मामले की जांच करने में लगी हुई है।
सहारनपुर के रामपुर मनिहारान निवासी विकास कुमार बंधन बैंक में फील्ड ऑफिसर का कार्य करता है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह शहर के मोहल्ला पंसारियान से कलेक्शन करके लौट रहा था। जब वह ब्लाक रोड पर नाले की पुलिया के पास पहुंचा तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया।
एक बदमाश ने विकास की गर्दन पर चाकू तान दिया और दूसरे बदमाश ने उसके हाथ पकड़ लिए। तीसरे बदमाश ने उसकी जेब से 60 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। इसके बाद लूटपाट करके बदमाश फरार हो गए। बदमाशों के भागने के बाद विकास ने शोर मचाया तो लोग एकत्र हो गए। सूचना दिए जाने पर शामली कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। विकास से बदमाशों की जानकारी लेने के बाद शहर में वाहन चेकिंग कराई गई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।
इसके बाद पुलिस ने विकास की तहरीर पर तीन बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके मामले की विवेचना शुरू कर दी है। उधर, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आसपास के लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की।
कई बार लूटा जा चुका है बंधन बैंक का कैश
शामली। बदमाशों के निशाने पर बंधन बैंक कर्मी काफी समय से हैं। पूर्व में शामली कोतवाली क्षेत्र में बलवा गांव के मार्ग पर बदमाशों ने बंधन बैंक कर्मी से 40 हजार रुपये लूट लिए थे, जबकि उससे पूर्व कैराना में बंधन बैंक के दफ्तर में घुसकर बदमाशों ने लूटपाट मचाई थी। इसके अलावा दिल्ली रोड पर भी बंधन बैंक कर्मी से नकदी लूटने की वारदात हो चुकी है।