थानाभवन । दो महीने पूर्व हुए दोहरे हत्याकांड में ढाई हजार के इनामी आरोपी अर्शी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया। इससे पूर्व, एक महिला सहित चार हत्याभियुक्तों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
जलालाबाद चौकी क्षेत्र में गंगोह रोड पर 23 फरवरी को आपसी विवाद के चलते दो पक्षों में फायरिंग और पथराव हो गया था। इस घटना के दौरान तमाशा देख रहे मुजाहिद और सलमान की गोली लगने के कारण मौत हो गई थी, जबकि अरशद, उजेर खान, शाजान, मोहम्मद आदि लोग घायल हो गए थे।
पीड़ित पक्ष ने पांच लोगों को नामजद कर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने हत्यारोपी नजराना, परवेज, शौबी और शमी को गिरफ्तार कर लिया था।
घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी अर्शी पुत्र निशांत निवासी गांव मथुरा. थाना चरथावल हाल निवासी जलालाबाद फरार चल रहा था। इसके चलते अर्शी पर पुलिस ने ढाई हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। उधर, मुखबिर की सूचना पर मंगलवार रात पुलिस ने अभियुक्त अर्शी को हसनपुर लुहारी कादरगढ़ मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार को आरोपी अर्शी को जेल भेज दिया गया है।