कांधला। मजदूरी कर लौट रहे ठेकेदार से हथियारबंद तीन बदमाशों ने मारपीट करते हुए नकदी, बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा कांधला की जन्नत कालोनी निवासी रिजवान पुत्र मीर हसन ठेके पर भवन निर्माण कराता है। रिजवान के अनुसार उसने क्षेत्र के गांव मलकपुर में मकान बनाने का ठेका ले रखा है। सुबह वह गांव में कार्य करने के लिए गया हुआ था।
शाम को जब वहां से बाइक पर कांधला लौट रहा था, तो सलेमपुर रोड पर बाग के समीप हथियारबंद तीन बदमाशों ने उसको रोक लिया। बदमाशों ने मारपीट करते हुए बाइक, 1300 रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश कांधला की ओर फरार हो गए। लूट का शोर मचने पर गांव मलकपुर के दर्जनों ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर जंगलों की ओर दौड़ पड़े।
वारदात के कुछ समय बाद लूटी गई बाइक सलेमपुर रोड पर जंगल में मिल गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस बदमाशों को तलाश कर रही है।
रुपये जमा करने आए युवक से मारपीट कर लूटपाट
शामली। माजरा रोड पर डाकघर में पैसे जमा करने गए युवक से तीन युवकों ने मारपीट कर पांच हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। मोहल्ला नया बाजार निवासी नमन पुत्र नवीन मंगलवार अपराह्न करीब तीन बजे माजरा रोड पर डाकघर में पांच हजार रुपये जमा कराने गया था।
डाकघर के पास ही उसे तीन युवक मिले। युवकों ने उससे कहा कि हम पुलिस वाले हैं, रुपये लेकर कहां जा रहा है तलाशी दे। इस पर नमन ने विरोध किया, तो तीनों युवकों ने मारपीट करके उससे पांच हजार रुपये नकदी लूट ली। इसके बाद वह फरार हो गए। पीड़ित नमन ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने लूट करने वाले दो युवकों को पकड़ लिया। शामली कोतवाली पुलिस मामले की जांच करने में लगी है। उधर, शहर के दयानंदनगर नाला पटरी पर सोमवार रात करीब सवा नौ बजे परमजीत निवासी दयानंदनगर से बाइक सवार तीन युवकों ने मारपीट कर 4500 रुपये लूट लिए। पीड़ित परमजीत ने शामली कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।