शामली। जय जवान, जयकिसान इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के विवाद को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में हुई मारपीट के मामले में दूसरे पक्ष ने शिक्षक और उनके साथी के खिलाफ हमला और लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गौरतलब है कि मुंडेट कलां स्थित जय जवान, जय किसान इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति को लेकर विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों के लोग मामले की सुनवाई के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे थे। इसी दौरान गाली गलौज होने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। एक पक्ष के शिक्षक कृष्णपाल निवासी डूंगर ने आदर्श मंडी थाने पर पिंडौरा निवासी कुलदीप और मुंडेट कलां निवासी विनोद कुमार के खिलाफ रंगदारी मांगने, हमला करने और लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उधर, देर रात कुलदीप पिंडौरा ने भी आदर्श मंडी थाने पहुंचकर शिक्षक कृष्णपाल और राजवीर सिंह के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। कुलदीप का आरोप है कि बृहस्पतिवार दोपहर जब वह कलक्ट्रेट पहुंचा तो कृष्णपाल और राजवीर सिंह मुंडेट ने डंडे और धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। हमले में कुलदीप सिंह और विनोद कुमार घायल हो गए।
कुलदीप के गले से सोने की चेन, हाथ से सोने की दो अंगूठी और 25 हजार रुपये भी लूट लिए गए। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष एमएस गिल ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, इस मामले में विनोद और कुलदीप ने शुक्रवार को एसपी दफ्तर पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी कराने की मांग की।