संपत्ति के लालच में कर लिया पति का अपहरण
थानाभवन। महिला ने संपत्ति के लालच में मायके वालों के साथ मिलकर पति का अपहरण कर लिया। पति को जान से मारने की धमकी देकर संपत्ति का बैनामा भी करा लिया। पीड़ित की मां ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद मंगलवार को पुलिस ने अपहृत युवक को बरामद करके आरोपी पत्नी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया।
थानाभवन थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि 24 जुलाई को जलालाबाद कस्बा के मोहल्ला अमानत अली निवासी शकीला पत्नी सफी ने अपने बेटे आशु मलिक के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें आशु की पत्नी शमा, साला जुनैद, सास नन्हीं, ससुर बशीर और एक अन्य मतलूब को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने आशु की पत्नी शमा और साले जुनैद को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो घटना का खुलासा हुआ। मंगलवार को पुलिस ने कस्बा जलालाबाद के मोहल्ला मोहम्मदीगंज स्थित बशीर के पुराने मकान से आशु मलिक को बरामद कर लिया। छानबीन में पता चला कि आरोपियों ने कुछ दिन पूर्व आशु को जान से मारने की धमकी देकर उसकी संपत्ति का बैनामा अपने नाम करा लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पत्नी शमा और उसके भाई जुनैद को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी को मंगलवार दोपहर बाद न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया। मामले में नामजद अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है।