कैराना। रुड़की इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने छात्रवृत्ति नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए तहसील में प्रदर्शन किया। इस संबंध में छात्रों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
गांव मन्नामाजरा के पास शामली रोड पर स्थित रुड़की इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र मंगलवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे और कर प्रदर्शन किया। कहा कि कॉलेज में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत कोर्स करवाया जा रहा है। जिसमें प्रत्येक विद्यार्थी को सरकार द्वारा छात्रवृत्ति दी जाती है। आरोप है कि प्रबंधन कमेटी उपरोक्त छात्रवृत्ति अपने खाते में ट्रांसफर करा रही है। इस कारण वह उन तक नहीं पहुंच पा रही है। बाकी कॉलेजों में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के साथ-साथ यूनिफार्म और किताबें भी दी जा रही है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन पर छात्रों को छलने का आरोप लगाया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर विद्यार्थियों को सीधे छात्रवृत्ति दिलाने की मांग की। एसडीएम ने छात्रों को आश्वासन दिया है। इस दौरान संजीव, अमित, लोकेश कुमार, मोनू कुमार, विक्रांत, सागर सैनी, मुकेश कुमार, विनीत कुमार, रविदत्त, अमित, अजय चौहान आदि छात्र मौजूद थे। उधर, एसडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है, इसकी जांच कराई जाएगी, छात्रों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।