दो लोगों के बीच झगड़ा
शामली। गांव लिलौन में झगड़े की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आपस में झगड़ा कर रहे दो लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। पुलिस ने दो आरोपी चुन्नीलाल व बिजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया और कोतवाली ले आई। बाद में पुलिस ने दोनों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
एसपी से शिकायत की
शामली। मोहल्ला निवासी महिला ने एसपी को सौंपे शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि युवक उसके परिवार से रंजिश रखता है। इसी के चलते उसने पूर्व में कई बार उसके पुत्र की एसपी, डीआईजी को अलग-अलग तारीख में छेड़खानी की शिकायत की। जांच की गई तो मामला फर्जी निकला। आरोप है कि तीन दिन पूर्व फिर आरोपी ने पत्नी के साथ छेड़खानी की शिकायत की है। पीड़िता ने मामले की जांच कराकर झूठी शिकायत करने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए है।
मारपीट कर 12 हजार रुपये छीने
शामली। लिलौन गांव निवासी अर्जुन ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर बताया कि शनिवार को वह किसी काम से कही जा रहा था। इसी दौरान गांव निवासी तीन लोगों ने उसको रोक लिया तथा उसके साथ मारपीट करते हुए उससे 12 हजार रुपये छीन लिए। आरोप है कि उसके कुछ देर बाद आरोपियों ने उसके घर में घुसकर उसकी भाभी के साथ मारपीट की और उसके कुंडल छीनकर भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस रवैये की शिकायत
शामली। थानाभवन के गांव नागल निवासी महिला बाला ने एसपी डा. अजयपाल शर्मा को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि शुक्रवार को वह अपने घर पर थी। इसी दौरान पड़ोसी मां-बेटी उसके घर में घुस आईं। इन लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गई। शिकायत पुलिस से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।