कैराना। नया बिजली कनेक्शन स्वीकृत करने के नाम पर व्यापारी से 85 हजार रुपये ठग लिए गए। व्यापारी ने इसकी शिकायत आलाधिकारियों से कर दी, जिस पर उसके साथ आरोपियों ने मारपीट की। पीड़ित ने मामले में अवर अभियंता और उसके सहयोगी कर्मी के खिलाफ कैराना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बा कैराना के बाजार जोड़िया कुंआ निवासी अंशुल ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि तीन माह पहले बिजली कनेक्शन के नाम पर अवर अभियंता सुभाष और ओमप्रकाश ने उससे 85 हजार रुपये लेकर 15 दिन के अंदर कनेक्शन दिलाने का वादा किया गया था।
समय बीतने के बाद भी कनेक्शन नहीं मिलने पर उसने इसकी शिकायत विद्युत विभाग के अधिकारियों से कर दी थी, जिस पर अवर अभियंता उससे रंजिश रखने लगे थे।
आरोप है कि 31 अगस्त की शाम साढ़े पांच बजे अवर अभियंता सुभाष अपने दो अन्य साथियों के साथ उसके प्रतिष्ठान में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अंशुल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही अवर अभियंता सुभाष की तहरीर पर कैराना कोतवाली में अंशुल सहित चार लोगों के खिलाफ मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।