लूट की झूठी सूचना देने वाले पहुंचे हवालात
कैराना। मंगलवार दोपहर गंगोह थानाक्षेत्र के ग्राम बुड्डाखेडी निवासी एक व्यक्ति अपने बहनोई के साथ कोतवाली कैराना पहुंचा और बरनावी मार्ग पर बाइक लूट लिए जाने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस के अनुसार जांच में लूट का मामला झूठा पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हवालात में बंद करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
तारीख पर आए पति-पत्नी में मारपीट
कैराना। शामली के एक मोहल्ला निवासी महिला का अपने मुजफ्फरनगर निवासी पति के साथ चल रहा विवाद कैराना कोर्ट में विचाराधीन है। मंगलवार को दोनों तारीख आए हुए थे। कचहरी में दोनों पति और पत्नी के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में ले लिया। कोतवाल ने बताया कि दंपति का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है।
12 पेटी शराब बरामद, तीन गिरफ्तार
कैराना। पुलिस ने हरियाणा मार्का देशी शराब की 12 पेटियों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मंगलवार को कोतवाली पुलिस के एसआई योंगेंद्र राणा ने पंजीठ तिराहे से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से चार-चार पेटी देशी शराब हरियाणा मार्का बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों के नाम शाकिर निवासी मोहल्ला पीरजादगान और संजय निवासी ग्राम दोघट बागपत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। उधर, एसआई रमेशचंद ने भूरा मंदिर के पास से भूरा निवासी दोघट बागपत को चार पेटी देशी शराब के साथ पकड़ लिया। उधर, भतीजे के साथ झगड़ा करने के आरोप में पुलिस ने इरफान निवासी मोहल्ला सरावज्ञान को शांतिभंग की आशंका में चालान किया है।