क्षेत्र के गांव गंदेवड़ा में आम तोड़ने के विवाद को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। जमकर लाठी डंडे चले और धारदार हथियार चले। संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। एक पक्ष की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है।
गांव गंदेवड़ा निवासी मेघराज पुत्र रतिराम ने गांव में ही ठेके पर आम का बाग ले रखा है। शुक्रवार शाम गंदेवड़ा निवासी हरकिशन, सत्यम और शोकेंद्र बाग में घुसे और चोरी से आम तोड़ने लगे। इस पर मेघराज ने विरोध कर दिया। आरोप है कि युवकों ने मेघराज के साथ गाली गलौज की और फिर मारपीट कर दी। इसके बाद मेघराज अपने घर पहुंचा, तो आरोपी पक्ष के लोग फिर से वहां आ गए और लाठी डंडे से हमला कर दिया। इघटना में एक पक्ष से मेघराज, उसका भाई सौराज, कपिल, अक्षय, सुमित और सुनीता सहित अन्य लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दूसरा पक्ष फरार हो गया। उधर, घायलों को पुलिस ने झिंझाना सीएचसी भेजकर उपचार कराया। सौराज की तरफ से दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ गढ़ीपुख्ता थाना पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी कपिल गौतम ने बताया कि तहरीर आई है, मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।