कार सवार चार लोगों ने गांव खंद्रावली निवासी व्यक्ति को घर से बुलाकर गोलियां बरसा दीं। उसको मृत समझकर आरोपी फरार हो गए। गंभीर अवस्था में घायल को शामली ले जाकर उपचार कराया गया। वहां से उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव खंद्रावली निवासी अदनान (40) ने कई माह पूर्व दिल्ली निवासी जितेंद्र से 10 टायरा ट्रक खरीदता था। ट्रक का करीब 40 हजार रुपये अदनान की ओर बकाया रह गया था। बार-बार मांगे जाने पर भी अदनान रकम नहीं दे रहा था। पूर्व में भी गांव में जितेंद्र के साथ अदनान की कई बार बहस और गाली गलौज हो गई थी। परिजनों के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे जितेंद्र अपने तीन अन्य साथियों के साथ पूर्वी यमुना नहर पटरी पर गांव खंद्रावली के समीप पहुंचा। जितेंद्र ने कॉल करके अदनान को भी वहीं बुलाया। अदनान बाइक से वहां पहुंच गया।
आरोप है कि जितेंद्र और उसके साथियों ने अदनान को बाइक से नीचे खींच लिया और पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर अदनान पर फायरिंग कर दी। तीन गोली लगने से अदनान गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी जितेंद्र और उसके साथी मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घायल अदनान को शामली के एक निजी चिकित्सालय में ले जाकर उपचार कराया गया। अदनान की हालत चिंताजनक बनी रही, जिसके चलते उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष बीएस रावत ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। पैसो के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ है। तहरीर आने के बाद जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी।