अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन। इरशादपुर गांव में गन्ना छिलाई को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्षों से एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव इरशादपुर के एक खेत में गन्ने कटाई का काम चल रहा था। इस दौरान खेत में काम कर रहे मोनू और मेहर सिंह में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। थोड़ी देर में ही विवाद मारपीट में बदल गई। इसके बाद दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग लाठी डंडे लेकर आमने सामने आ गए। मारपीट में एक पक्ष से मोनू व दूसरे पक्ष से विद्या, मेहर, रजत घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कस्बे के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।