परिवार संग मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहा था व्यापारी, सेंध लगाकर घुसे चोर
अमर उजाला ब्यूरो
कांधला। कैराना रोड स्थित नवीन सब्जी मंडी के निकट व्यापारी के मकान में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने सेंध लगाकर हजारों की नगदी समेत तीन लाख के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के कैराना रोड स्थित नवीन सब्जी मंडी के समीप व्यापारी जुनेद का मकान है। उसके अनुसार बृहस्पतिवार की रात वह परिवार के साथ मकान के ऊपर बने कमरे में सो रहा था। रात में किसी समय चोर दीवार में सेंध लगार मकान में घुस आए और कमरों व अलमारियों से 53 हजार रुपये की नगदी सहित तीन लाख रुपये की कीमत के सोने चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग नीचे आए तो घर के अंदर का हाल देखकर उनके होश उड़ गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पीड़ित परिवार के लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और खानापूर्ति करके लौट गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि पुलिस ने सूचना के बाद घटाना का निरीक्षण किया है।