व्यापार के सिलसिले में चेक द्वारा ठगी करने के आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब पुलिस टीम ने कैराना में दबिश दी। वहीं, हरियाणा के सीआईए टीम ने भी चोरी के आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी।
सोमवार दोपहर पंजाब के थाना मोहाली के एसआई तरसेम सिंह ने दो कांस्टेबल के साथ कैराना कोतवाली में आमद दर्ज कराई। एसआई तरसेम सिंह ने बताया कि कैराना निवासी अमन भारद्वाज ने पंजाब के एक व्यापारी को व्यापार के सिलसिले में चेक दिया था, जो खाते में धनराशि न होने के कारण बाउंस हो गया। इसी कारण व्यापारी ने आरोपी अमन के खिलाफ मोहाली थाने में ठगी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके चलते कैराना कोतवाली पुलिस को साथ लेकर पंजाब पुलिस ने आरोपी अमन को गिरफ्तार करने के लिए उसके घर तथा अन्य ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया।
उधर, पानीपत (हरियाणा) की सीआईए टीम के एसआई हवा सिंह ने कैराना कोतवाली पहुंचकर आमद दर्ज कराकर बताया कि कैराना निवासी सन्नी उर्फ गंगोइया के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कैराना के मोहल्ला दरबार खुर्द में दबिश डाली। आरोपी हाथ नहीं आने पर टीम लौट गई।