शामली/ कैराना। आदर्श मंडी और कैराना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 45 लाख रुपये की अवैध शराब पकड़ी है। आदर्श मंडी पुलिस ने चेकिंग के दौरान शराब से भरे कैंटर समेत दो आरोपियों को दबोचा। कैंटर से 1600 बोतलें अंग्रेजी और देशी शराब की बरामद हुई। पकड़ी शराब की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई। उधर, कैराना कोतवाली पुलिस ने भी चेकिंग के दौरान करीब दो लाख की हरियाणा मार्का शराब पकड़ी है। पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
बुधवार की सुबह करीब सात बजे आदर्श मंडी पुलिस एसटी तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान हरियाणा की ओर से आ रहे कैंटर को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक ने कैंटर दौड़ा लिया तो पुलिस ने पीछा कर कैंटर को रोका। पुलिस ने जब कैंटर की तलाशी ली, तो उसमें से हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की 712 बोतलें और देशी शराब की 888 बोतलें बरामद हुई।
पुलिस ने शराब तस्कर प्रदीप शर्मा पुत्र ओमप्रकाश निवासी गांव उगाला थाना बराड़ा जिला अंबाला और सुखबिंद्र पुत्र गुरू वचन निवासी दइया थाना बराड़ा जिला अंबाला को दबोचा। एसओ आदर्श मंडी ने बताया दोनों को जेल भेजा। बरामद शराब की कीमत करीब तीन लाख 15 हजार रुपये है।
उधर, कैराना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खुरगान रोड से डीसीएम में शराब लेकर आ रहे दो तस्करों को दबोचा। डीसीएम से हरियाणा मार्का की 40 पेटी अंग्रेजी शराब, आठ पेटी बीयर और दस लीटर रैक्टिफाइड बरामद हुआ है। पकड़े माल की कीमत दो लाख रुपये बताई। पुलिस ने पकड़े शराब तस्कर योगेंद्र पुत्र पालेराम और राम कुमार पुत्र देवीराम निवासी हलदाना थाना संभालका, जिला पानीपत को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
कैराना कोतवाली प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि हरियाणा की ओर से शराब से भरा कैंटर आ रहा है, जिस पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान हरियाणा की ओर से आ रहे एक कैंटर को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई, जिसमें से 500 पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद र्हुइं।
पुलिस ने चालक विनोद व उसके साथी नरेश निवासी ग्राम पाई थाना कैथल हरियाणा को भी हिरासत में ले लिया। दोनों को कोतवाली लाकर पूछताछ की गई। बाद में उन्हें जेल भेज दिया गया। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।