महिला को मारपीट कर घर से निकाला
शामली। दो माह की गर्भवती महिला को ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। फर्रुखाबाद निवासी पीड़ित महिला ने कोतवाली पुलिस को बताया कि शामली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक फर्रुखाबाद में काम करता है। उस युवक के साथ उसके प्रेम संबंध बन गए थे। युवक ने उसे झांसे में लेकर उसके साथ मंदिर में करीब तीन माह पहले शादी कर ली। शादी करने के बाद वह उसे अपने गांव में ले गया। वहां पर पति और ससुराल वाले उसे परेशान करने लगे। इसी दौरान वह दो माह की गर्भवती हो गई। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल जनों से उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पहले तो कोई सुनवाई नहीं की, लेकिन जब महिला ने कोतवाली के गेट पर बैठकर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर लेकर जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
कच्ची शराब के साथ तीन गिरफ्तार
शामली। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने कस्बा बनत निवासी रिजवान को 55 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला शांतिनगर से ऋषभ और सुमित को 48-48 पव्वे अवैैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
घर में घुसकर हमला, चार घायल
शामली। शहर के जैन मोहल्ला में बच्चों के बीच हुए विवाद में मोहल्ले के लोगों ने घर में घुसकर उमेश के घर में हमला कर दिया। हमले में उमेश, उसकी पत्नी, पुत्र और पुत्री को घायल कर दिया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।